ईमाम सादिक ने अमन चैन कायम करने और सभी के गुनाह माफ करने की दुआ की। उन्होंने कहा कि इंसान गुनाहों को स्वीकार कर उसके लिए माफी मांगे तो उसे माफी मिल जाती है। उन्होंने देश में शांति कायम रहने की दुआ करते हुए कहा कि सभी मिलजुलकर रहें तथा देश में शांति का माहौल रहे। ईद उल फितर का त्योहार शनिवार को श्रीगंगानगर में मनाया गया। पुरानी आबादी स्थित ईदगाह में नमाज का वक्त सुबह आठ बजे तय किया गया। ऐसे में सुबह से ही सिर पर टोपी और कुर्ता पायजामा पहने लोग ईदगाह की ओर बढ़ते नजर आए। निर्धारित समय पर इन लोगों ने ईदगाह में अपना स्थान ले लिया। यहां एफ ब्लॉक स्थित जामा मस्जिद के ईमाम मुफ्ती मोहम्मद सादिक ने नमाज अदा करवाई।
में पहुंचे कई प्रमुख लोग
इस मौके पर शहर के कई प्रमुख राजनीतिक लोग भी पहुंचे। इनमें विधायक राजकुमार गौड़, कांग्रेस नेता अशोक चांडक, भाजपा नेता वीरेंद्र राजपाल, बंटी वाल्मीकि सहित कई लोग मौजूद थे। इन लोगों ने नमाज अदा करने आए लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। ईद के मद्देनजर पुरानी आबादी स्थित ईदगाह के आसपास विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए। उदाराम चौक से कुछ आगे ईदगाह की तरफ जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं इस मार्ग पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए भी प्रबंध किए गए। ईदगाह के गेट के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। पुरानी आबादी थाना एसएचओ सुरजीत कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।